April 24, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

मुख्य सचिव ने कुमाऊं मण्डल विकास निगम के हट्स एवं पैदल टै्रक का निरीक्षण किया

मुख्य सचिव श्री उत्पल कुमार सिंह एवं सचिव पर्यटन श्री दिलीप जावलकर ने जनपद पिथौरागढ़ के दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के दौरान गुंजी एवं कुटी गांव के साथ ही ब्यास वैली एवं दारमा वैली का दौरा किया।

मुख्य सचिव ने गुंजी एवं तेडाँग (दारमा वैली) के लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं को सुना। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को गम्भीरता से लेते हुए अधिकारियों को इन्हें शीघ्र दूर करने एवं विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सुन्दरता की दृष्टि से क्षेत्र बहुत ही समृद्ध है। पर्यटन के क्षेत्र में इसमें बहुत सम्भावनाएं हैं। उन्होंने ट्रैकिंग, होम स्टे आदि योजनाओं को बढ़ावा दिए जाने के भी निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने ग्रामसभा नाबी में होम स्टे, ज्योलिंग कॉंग में कुमाऊं मण्डल विकास निगम के हट्स एवं पैदल टै्रक का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने ओम पर्वत एवं आदि कैलाश-पार्वती सरोवर के भी दर्शन किए।
दो दिवसीय भ्रमण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक श्री संजय गुंज्याल भी उपस्थित थे।