May 30, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

कामना हत्याकांड का खुलासा,पति ने सुपारी देकर कराई पत्नी की हत्या

(UK Review)देहरादून। पांच दिनों से सुर्खियों में रहे कामना हत्याकांड का बुधवार को एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने खुलासा किया तो हैरान करने वाली कहानी सामने आई। एसएसपी ने बताया कि अशोक एक साल से कामना को रास्ते से हटाने की योजना बना रहा था। उसने सोचा कि कामना की हत्या होने पर उसकी पॉलिसी की रकम उसे मिल जाएगी और कर्जे उतार कर वह सुकून की जिंदगी गुजारेगा। कामना रोहिला की हत्या उसके पति अशोक ने ही अपने जिगरी दोस्तों से कराई थी। रिंकू नाम के जिस लड़के के सिर वह कातिल होने का आरोप पिछले पांच दिनों से मढ़ रहा था, वह जिंदा ही नहीं है। अशोक पिछले साल नवंबर में राजस्थान ले जाकर उसका कत्ल करवा चुका है। दस महीने के इंतजार के बाद 29 अगस्त की रात मौका मिलते ही उन्हीं दोस्तों से पत्नी कामना का भी खून करा दिया।आरोपित अशोक ने हत्या की योजना बिल्कुल फिल्मी अंदाज में तैयार की, जिसकी पटकथा वह करीब एक साल से लिख रहा था। बुधवार को पुलिस ने रिंकू के कत्ल में शामिल अशोक के जिगरी दोस्त दीपक और कामना की हत्या करने वाले दीपक के भाई गौरव को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अस्पताल में भर्ती अशोक पर दो पुलिसकर्मी चौबीस घंटे नजर रख रहे हैं। जबकि रिंकू के कत्ल में शामिल एक आरोपित अभी फरार है। पुलिस ने अशोक के घर की डीवीआर भी बरामद कर ली है। 30 अगस्त की रात्रि को अजबपुर माता माता मंदिर वाली रोड में रहने वाली बुटीक और सैलून संचालिका कामना रोहिल्ला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उसके पति अशोक उर्फ कपिल निवासी सरधना मेरठ के पेट में गोली लगी थी। अशोक ने अमन विहार निवासी रिंकू उर्फ अजय वर्मा और दो अन्य पर हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था।