November 14, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

शरदोत्सव में पहुंचे सीएम त्रिवेन्द्र, बोले पौड़ी के विकास में मील का पत्थर साबित होगी सीता माता सर्किट

पौड़ी/देहरादून, UK Review। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा है कि सीता माता सर्किट पौड़ी के विकास में बहुत बड़ा मील का पत्थर साबित होगा। इस पर काम भी शुरू कर दिया गया है। इस सर्किट के विकास से दुनिया का हर वो व्यक्ति जिसकी भगवान राम और माता सीता में आस्था है, फलस्वाड़ी गांव में जरूर आना चाहेगा जहां माता सीता ने भू-समाधि ली थी। फलस्वाड़ी में माता सीता का भव्य मंदिर बने, इसके लिए क्षेत्र के हर गांव-हर घर से एक शिला, एक मुट्ठी मिट्टी व 11 रूपए दान किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए जल्द ही यात्रा की जाएगी, वे स्वयं देवप्रयाग से यह यात्रा करेंगे। संत-महात्माओं ने भी इसमें शामिल होने की इच्छा व्यक्त की है। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र पौड़ी में आयोजित शरदोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री ने कहा कि पौड़ी शरदोत्सव को और बड़े पैमाने पर किए जाने की आवश्यकता है। पौड़ी में पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारी को इसके लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। राज्य सरकार पूरा सहयोग करेगी। ल्वाली झील के लिए लोगों को भूमि का मुआवजा दिया जा चुका है। इसका टेंडर भी हो चुका है। बहुत जल्द इसका काम शुरू हो जाएगा। एनसीसी एकेडमी के लिए भी धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है। बहुत जल्द इसका काम भी प्रारम्भ कर दिया जाएगा। एनसीसी एकेडमी बनने से हर साल लगभग 36 हजार छात्र यहां आएंगे। इससे क्षेत्र की आर्थिकी को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ने का मौका दें। बेटियों की क्षमताओं पर भरोसा करें तो ये बहुत कुछ कर सकती हैं। उन्हें केवल आवश्यक सहयोग देते हुए अवसर प्रदान करने की जरूरत है। बेटियां अंटार्कटिका तक जा सकती हैं, एवरेस्ट पर जा सकती हैं तो क्या नहीं कर सकती हैं। इनमें विश्वास जगाए, और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से भी बचना होगा। सरकार नशे के कारोबार में लगे लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही कर रही है। अभिभावक और अध्यापक भी इस पर नजर बनाए रखें तो हम अपने बच्चों को नशे की गिरफ्त से बचा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने जनपद पौड़ी गढ़वाल के मुख्यालय में शरदोत्सव का विधिवत ध्वजारोहण कर शुभारम्भ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने सिंगल यूज प्लास्टिक को रोकने का आह्वान किया है, हम सभी प्रधानमंत्री जी के साथ हैं। सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ लोग भी बढ़ चढ़कर सहयोग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता बहुत जरूरी है। पौड़ी तभी पर्यटन नगरी बनेगी जब यहां स्वच्छता रहेगी। इसमें सभी का सहयोग जरूरी है। हाल ही में देहरादून में 1 लाख 28 हजार लोगों ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ हाथ से हाथ मिलाकर संकल्प लिया। सभी को इस संकल्प के साथ खड़ा होना चाहिए।