June 26, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

कांग्रेस का सड़क से सदन तक विरोध प्रदर्शन

प्याज, रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेसियों ने सड़क से सदन तक प्रदर्शन किया। दून में विधानसभा के समीप कांग्रेस की महिला नेताओं ने गले में प्याज की माला पहनकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विधानसभा सत्र का विरोध किया। वहीं बल्लीवाला चौक पर मोदी सरकार का पुतला दहन किया।

बल्लीवाला में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में प्याज की कीमत 50 रुपये होते ही भाजपा सड़कों पर बवाल करने लगती थी, लेकिन आज प्याज के दाम 100 रुपये पार हो गए हैं और भाजपाई खामोश हैं।

उन्होंने कहा कि इसी तरह आलू, टमाटर, लहसुन, पेट्रोल डीजल की कीमतें भी आसमान छू रही हैं। सरकार इसको नियंत्रित नहीं कर पा रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसके खिलाफ सड़क और सदन दोनों जगह सरकार का कड़ा विरोध करेगी।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस की प्रवक्ता गरिमा दसोनी, निगम पार्षद कोमल वोहरा, पार्षद संगीता गुप्ता, प्रदेश महिला कांग्रेस सचिव प्रिया थापा, ब्लॉक कांवली अध्यक्ष अल्ताफ, मुकेश चौहान, पूर्व पार्षद मुकेश चौहान, राजेश पुंडीर आदि मौजूद रहे।

आठ को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

न्यू रोड स्थित पूर्व विधायक राजकुमार के कार्यालय में महानगर कांग्रेस की बैठक हुई। इसमें महंगाई को लेकर प्रदर्शन की रणनीति तय की गई। बैठक में लालचंद शर्मा ने कहा कि आठ दिसंबर को दून में महंगाई को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने 14 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की महारैली में कार्यकर्ताओं से भाग लेने का आह्वान किया।