October 29, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

बदरीनाथ और केदारनाथ के रावल को भेजा गया बुलावा

देहरादून। चारधाम यात्रा के शुभारंभ के लिए बदरीनाथ और केदारनाथ के रावल व अन्य लोगों को 15 अप्रैल को उत्तराखंड पहुंचने के लिए कह दिया गया है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए अप्रैल के अंतिम सप्ताह में दोनों धामों के कपाट खुलने से पहले ही रावलों को क्वारंटीन करने के लिए यह कदम उठाया गया है। 26 व 27 अप्रैल को गंगोत्री व यमुनोत्री धाम और 29 व 30 अप्रैल को केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे। कोरोना संक्रमण को देखते हुए यह तय किया गया था कि बदरीनाथ धाम और केदार धाम के रावल, नायब रावल और सेवादारों को पहले ही बुला लिया जाएगा। केरल और कर्नाटक से इन्हें आना है। इनको 14 दिन के लिए क्वारंटीन भी किया जाएगा। चारधाम विकास परिषद के उपाध्यक्ष आचार्य शिव प्रसाद ममगांई ने बताया कि इन लोगों को चमोली या जोशीमठ में क्वारंटीन करके रखा जाएगा। इसी के साथ यह भी तय कर लिया गया है कि कपाट खुलने के दौरान होने वाली रस्मों में केवल बेहद जरूरी लोग ही शामिल होंगे। मंदिरों के कपाट तो मुहूर्त के अनुसार तय तिथियों पर खोल दिए जाएंगे, लेकिन भगवान के दर्शनों के लिए भक्त कब उनके धाम पर पहुंचेंगे, अभी तस्वीर पूरी तरह से साफ नहीं है।