October 29, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

लापता परिवार के लिए मदद की गुहार

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग जनपद में एक परिवार के तीन सदस्य तीन महीने से लापता हैं। समय बीतने के साथ ही परिजनों के माथे पर चिंता की लकीरें भी बढ़ गयी हैं। परिजनों ने जन अधिकार मंच की मदद से उच्चाधिकारियों से मुलाकात कर लापता चल रहे परिवार की गुमशुदगी दर्ज करने और उनकी तलाश की मांग की है। रुद्रप्रयाग कोतवाली क्षेत्र के बांसी भरदार निवासी राहुल धनाई उम्र 24 वर्ष, उनकी पत्नी प्रियंका धनाई उम्र 23 वर्ष और तीन साल की बेटी मन्नत पिछले तीन महीने से लापता चल रहे हैं।
 तीन महीने बीत जाने के बाद भी इन तीनों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। राहुल के पिता चतर सिंह ने बताया कि उनका बेटा करनाल (हरियाणा) में किसी कंपनी में नौकरी करता है। वह अपनी पत्नी को भी साथ में रखना चाहता था। बीते 24 जनवरी को बहू और बेटी हरिद्वार गयी थी। उनका बेटा उन्हें हरिद्वार लेने पहुंचा था। जिसके बाद से ही बेटे और बहू से कोई संपर्क नहीं हो पाया है। दोनों लोगों के फोन भी बंद हैं। जन अधिकार मंच के अध्यक्ष मोहित डिमरी ने बताया कि हमने परिजनों के साथ पुलिस उपाधीक्षक जीएल कोहली से मुलाकात कर उन्हें तहरीर दी है। हमारी मांग है कि पुलिस महकमा इस परिवार की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई करे. पुलिस उपाधीक्षक ने लोकेशन ट्रेस करने के लिए पति-पत्नी के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगा दिए हैं। अगर फिर भी कोई जानकारी नहीं मिलती है तो तीनों की गुमशुदगी दर्ज करते हुए सर्च अभियान शुरू किया जाएगा।जन अधिकार मंच के अध्यक्ष मोहित डिमरी ने सोशल मीडिया से जुड़े तमाम लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस परिवार की तलाश के लिए अधिक से अधिक लोगों तक संदेश पहुंचाएं।