November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

किसानों के बंद के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन करते गिरफ्तार, बाद में रिहा

-दमन और पुलिस के बल पर आवाज दबाने की साजिश अब सफल नहीं होगी
-कांग्रेसी कार्यकर्ता जेलों व लाठियों से नहीं डरता
-कांग्रेस पार्टी का किसानों को शत प्रतिशत समर्थनः प्रीतम सिंह

देहरादून, आजखबर। भारत बंद प्रदर्शन के दौरान राजधानी देहरादून के घंटाघर पर धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी सड़क जाम कर घंटाघर के पास सुबह से ही नारेबाजी कर रहे थे। ऐसे में कानून व्यवस्था बिगड़ती देख पुलिस ने कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर बसों में भर लिया। कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों की तरफ से बुलाए गए भारत बंद का असर राजधानी देहरादून में भी देखने को मिला। कांग्रेस पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से घंटाघर तक पैदल मार्च निकालकर किसानों के समर्थन में प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और कार्यकर्ता घंटाघर के पास धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से कृषि कानून वापस लिए जाने की मांग की और जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने कृषि कानूनों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। वहीं, भारत बंद का समर्थन करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घंटाघर की ओर आने वाले वाहनों को जबरन रोककर चक्का जाम किया। जिसके कारण राजपुर रोड और चकराता रोड से आने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कृषि कानूनों की आड़ में केंद्र सरकार किसानों का उत्पीड़न और दमन कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को देखते हुए सरकार को तत्काल प्रभाव से कृषि कानूनों को वापस लेना चाहिए। किसानों के आंदोलन में कांग्रेस पार्टी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा बनाये गए तीन काले कानून मोदी सरकार की सोची समझी साजिश है जिसके तहत वो किसानों के खेत किसानों की खेती व किसान तीनों को पूंजीपतियों व अपने उद्योगपती मित्रों का गुलाम बनाना चाहते हैं। प्रीतम सिंह ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला करते हुए उसे किसान विरोधी बताते हुए कहा कि पिछले 13 दिनों से हजारों किसान राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर खुले आसमान के नीचे ठंड में बैठे हैं किंतु प्रधानमंत्री हैं कि अपनी जिद्द पर अड़े हुए हैं व झुकने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से किसान के साथ खड़ी है और जब तक केंद्र सरकार किसानों की मांगें नहीं मानती पार्टी किसानों के आंदोलन को पूरा समर्थन देती रहेगी।