November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

स्पीकर अग्रवाल ने दिए सड़क सुधारीकरण व डामरीकरण कार्य करने के निर्देश

ऋषिकेश। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत खदरी खड़कमाफ, लकड़घाट में आवासीय कॉलोनी में सड़क मार्गों एवं नालियों के निर्माण को लेकर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने मौके पर निरीक्षण किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष से मौके पर ही दूरभाष पर वार्ता कर आवासीय कॉलोनी में आंतरिक सड़क मार्गों के निर्माण कराये जाने संबंधित विषय पर वार्ता की।
अवगत करा दें कि विगत दिनों खदरी खडगमाफ, लकड़ घाट में ध्यान मंदिर के निकट बसी आवासीय कॉलोनी के लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष से भेंट कर आंतरिक सड़कों के निर्माण किए जाने को लेकर अपना प्रार्थना पत्र सौंपा था। जिसमें आवासीय कॉलोनी के लोगों द्वारा टूटी हुई सड़कों के  मरम्मत एवं बरसाती व घरेलू पानी की निकासी की उचित व्यवस्था किये जाने की बात कही गयी थी। इस विषय का संज्ञान लेकर विधानसभा अध्यक्ष ने ध्यान मंदिर के निकट बसी आवासीय कॉलोनी में पहुँचकर सड़कों का मुआयना किया। विधानसभा अध्यक्ष ने मौके पर तुरंत ही एमडीडीए के उपाध्यक्ष को दूरभाष पर निर्देशित किया कि आवासीय कॉलोनी में सड़क सुधारीकरण, डामरीकरण एवं दोनों तरफ नालियों के निर्माण के लिए योजना प्रस्तावित कर निर्माण कार्य किया जाए, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में कोई भी समस्या ना हो।वही इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्र में पर्याप्त जलापूर्ति किये जाने के संबंध में जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता नमित रमोला को भी दूरभाष पर निर्देशित किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष द्वारा क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए की जा रही त्वरित कार्यवाही पर उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रिटायर्ड सूबेदार खिलानंद भट्ट, विदुर नारायण कोटियाल, राजराजेश्वर गिरी, सूर्यवली जोशी, भगवती प्रसाद, मकान सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।