November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

60 जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए

ऋषिकेश। कोरोना संक्रमण के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हैं ऐसे में आर्थिक रूप से मजबूर लोगों के लिए विधानसभा अध्यक्ष विवेकाधीन कोष जरूरतमंदों को वरदान साबित हो रहा है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने आज बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय पर 60 जरूरतमंद लोगों को अलग-अलग से 5 लाख की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए।
इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने कहा है कि विधानसभा अध्यक्ष विवेकाधीन कोष  सरकार की योजना नहीं बल्कि विवेक के आधार पर जरूरतमंद, गरीब, उपेक्षित, वंचित, विधवा, विकलांग आदि लाभार्थियों के लिए यह धनराशि दी जाती है। उन्होंने कहा है कि कोरोना काल के दौरान अनेक लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित हुई है ऐसे में यह धनराशि जरूरतमंदों को वरदान साबित हो रही है। श्री अग्रवाल ने कहा है कि कुछ समय के लिए यह धनराशि राहत जरूर दे सकती है परंतु आत्मनिर्भरता के लिए स्वावलंबी होकर प्रत्येक व्यक्ति को खड़े होने की आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को अवगत कराते हुए कहा है कि कोरोना का प्रभाव अभी समाप्त नहीं हुआ है इसलिए स्वयं की सुरक्षा, मास्क का प्रयोग, सैनिटाइजर का नियमित उपयोग करने से हम इस बीमारी से राहत पा सकते हैं। इस अवसर पर स्वामी ईश्वर दास महाराज, महंत स्वरूपानंद, अमृतानंद महाराज ,पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र नेगी, रविंद्र राणा,  प्रदीप कोहली सहित अनेक लोग उपस्थित थे।