April 25, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

राजनीति में कभी भी किसी के लिए दरवाजे बंद नहीं किए जातेः गोदियाल

देहरादून/मसूरी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा में अंतर कलह चरम पर है। लोग कांग्रेस में आने के लिए लगातार संपर्क कर रहे हैं। इससे साफ है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में परिवर्तन की बयार आएगी। कहा कि राजनीति में कभी भी किसी के लिए दरवाजे बंद नहीं किए जाते हैं। वह शहर कांग्रेस के तत्वावधान में झूलाघर स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह में संबोधित कर रहे थे।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार और महंगाई चरम पर है। इसका कांग्रेस लगातार सड़कों पर उतर विरोध कर रही है, लेकिन सरकार की कानों में जूं तक नहीं रेंग रही। कहा कि जिस तरीके से मसूरी में कार्यकर्ता जुटे हैं, इससे साफ है कि कांग्रेस की सरकार बनेगी। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि कार्यकर्ता आपसी गुटबाजी छोड़कर मिलजुल कर काम करें। उन्होंने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। कहा कि गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल, सब्जी के दाम आसमान छू रहे हैं। सरकार से कोई राहत नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस की सरकार आई तो सबसे पहले पेट्रोल-डीजल के दामों पर अंकुश लगाया जाएगा। उन्होंने नाम लिए बगैर आम आदमी पार्टी पर भी चुटकी ली। कहा कि दिल्ली में अब तक केवल साढ़े छह हजार लोगों को ही सरकारी नौकरी मिल पाई है। बड़े-बड़े नेता यहां आकर जुमलेबाजी कर रहे हैं। कार्यक्रम में पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व विधायक राजकुमार, हरीश धर्माणी, मनमोहन सिंह मल्ल, गोदावरी थापली, जसबीर कौर आदि ने विचार रखे। इस दौरान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा, सभासद जसोदा शर्मा, प्रताप पंवार, दर्शन सिंह, सरिता कोहली, सरिता पंवार, वसीम खान, महेश चंद, संदीप साहनी, भगवती प्रसाद, राम प्रसाद, रामी देवी, शिवानी भारती मौजूद रहीं।