November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

लाइन शिफ्टिंग मामले में यूपीसीएल ले रहा जीएसटी पर चक्रवृद्धि जीएसटीः मोर्चा

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि व्यक्तिगत तौर पर विद्युत लाइन शिफ्टिंग एवं बनवाने/ लंबी दूरी से विद्युत संयोजन लेने हेतु अतिरिक्त विद्युत पोल स्थापित करने के मामले में यूपीसीएल प्रदेश की जनता को टैक्स के नाम पर लूटने का काम कर रहा है, जिस पर सरकार को तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। नेगी ने कहा कि विभाग जनता से शिफ्टिंग में प्रयुक्त होने वाले मटेरियल पर 18 फ़ीसदी जीएसटी,लेबर पर 18 फीसदी, सुपर विजन चार्जेस 18.45 फ़ीसदी और लेबर सेस 1 फ़ीसदी तथा इन समस्त  टैक्सेस के कुल जोड़ पर जोड़ (चक्रवृद्धि) के कुल योग पर 18 फ़ीसदी जीएसटी वसूल रहा है, जोकि एक तरह से मटेरियल की रकम का लगभग दोगुना हो जाता है यानी ₹100/120 के मटेरियल पर लगभग ₹70/80 टैक्स वसूला जा रहा है। नेगी ने कहा कि इतनी भारी-भरकम लूट के बावजूद भी सरकार की खामोशी निश्चित तौर पर चिंताजनक है। मोर्चा सरकार से मांग करता है कि इस लूट को बंद करने के लिए तुरंत कार्रवाई करें। पत्रकार वार्ता में विजय राम शर्मा व सुशील भारद्वाज मौजूद रहे।