November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

जनता के मन को बदलने का समय भाजपा के नेताओं के हाथ से निकल चुकाः सुरेंद्र कुमार

देहरादून। कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं मीडिया सलाहकार सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा सहित कितने भी केन्द्रीय नेता उत्तराखण्ड का दौरा कर लें परन्तु जनता के मन को बदलने का समय उनके हाथ से निकल चुका है क्योंकि केन्द्र की भाजपा सरकार ने पिछले पांच साल में राज्य की घोर उपेक्षा की है यह बात उच्च न्यायालय ने भी अपने पर्यवेक्षण में कही है।
प्रधानमंत्री जी ग्रीन बोनस, 400 के लगभग आपदा प्रभावित गांवों का विस्थापन, सीमान्त क्षेत्रों के गांवों के विकास के लिए धन तथा पिछडे क्षेत्रों के लिए धन देने में पूरी तरह असफल रहे हैं। डिजिटल इण्डिया का प्रथम चरण भी राज्य में पूरा नहीं हो पाया है। कनेक्टिविटी की वजह से पहाड का युवा तथा आम आदमी भारी कठिनाई से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी को चुनावी भाषण की जगह महंगाई, रोजगार, खेती किसानी पर जुमले बाजी की जगह कुछ ठास करके दिखाना चाहिए था। राज्य की जनता अब भाजपा के झांसे में आने वाली नहीं है।
सुरेन्द्र कुमार ने भाजपा द्वारा जारी दृष्टि पत्र पर टिप्पणी करते हुए कहा कि 2017 में अपने घोषणा पत्र में उल्लिखित तीन दर्जन से अधिक बिन्दुओं की उपेक्षा भाजपा ने अपने कार्यकाल में की है उसका जिक्र करना भी भाजपा भूल गई। गैरसैण राजधानी, लोकायुक्त पर भाजपा का विजन आज तक भी स्पष्ट नहीं हो पाया है।