November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने लगाया बैक डेट में खनन पट्टे देने का आरोप

देहरादून। उत्तराखंड में भले ही विधानसभा चुनाव संपन्न हो गए हों, लेकिन प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मियां अभी भी चरम पर हैं। इस बार खनन पट्टा राजनीतिक मुद्दा बना है। इसी क्रम में कांग्रेस ने सरकार पर आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से दबाव बना कर बैक डेट पर खनन पट्टे आवंटित किए जा रहे हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। गोदियाल ने कहा कि सूत्रों से पता चला है कि प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बावजूद गुपचुप तरीके से बैक डेट में खनन के पट्टे आवंटित किए जा रहे हैं। खनन के पट्टे की बंदरबांट प्रदेश में अभी भी धड़ल्ले से जारी है। यदि राज्य में कांग्रेस की सरकार आती है तो बैक डेट में हुई नियुक्तियों, स्थानांतरण और खनन के पट्टों की व्यापक स्तर पर जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा चाहे कोई भी राजनेता संलिप्त हो या कोई अधिकारी और कर्मचारी, इसमें किसी की कोई भी भूमिका पाई जाती है तो उसको बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों द्वारा किए गए अनैतिक कार्यों के लिए सजा दी जाएगी।