October 25, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

मतगणना से पहले भाजपा का चुनावी नतीजों पर महामंथन

देहरादून। भितरघात की खबरों से घिरी भाजपा ने चुनावी नतीजों से पहले संभावी सभी स्थितियों पर एक अहम बैठक बुलाकर महामंथन किया। चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रत्याशियों से उनकी परफारमेंस को फीडबैक लिया गया। जिसके आधार पर संभावित नतीजों पर आगे की रणनीति तैयार की जा सकी। बैठक से पूर्व सीएम धामी ने एक बार फिर कहा कि सभी लोगों ने बहुत मेहनत की है हमें सकारात्मक परिणाम आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि जीत भाजपा की ही होगी और हमारी सरकार बनेगी। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और तमाम पूर्व मुख्यमंत्रियों तथा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक सहित सभी 70 प्रत्याशियों ने भाग लिया। भाजपा ने मतगणना वाले दिन अपने सभी प्रत्याशियों को अपने-अपने स्थानों पर रहने के लिए कहा गया है और संगठन के कार्यकर्ताओं को मतगणना स्थलों पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल चुनाव से पूर्व टिकट बंटवारे को लेकर भाजपा में भारी घमासान की स्थिति देखी गई थी। टिकट न मिलने से नाराज कई भाजपा नेताओं व विधायकों ने बगावत कर दी थी जिसके कारण हाई कमान ने राजकुमार ठुकराल, टीका प्रसाद मैखुरी, महावीर सिंह रांगड़, जितेंद्र नेगी, धीरज चौहान व मनोज साह सहित तमाम नेताओं को पार्टी से निकाल दिया था। मतदान के बाद भाजपा विधायक संजय गुप्ता, कैलाश गहतोड़ी, हरभजन सिंह चीमा व केदार सिंह रावत सहित अनेक प्रत्याशियों द्वारा पार्टी के ही लोगों पर भाजपा के खिलाफ काम करने के आरोप लगाए गए थे। जिन्हें लेकर भाजपा हाईकमान तक हड़कंप मचा रहा। यही कारण है कि भाजपा इस चुनाव के नतीजों को लेकर आश्वस्त नहीं हो पा रही है तथा मतगणना के बाद आने वाले परिणाम को लेकर चिंतन मंथन कर रही है। बैठक में सभी 70 प्रत्याशियों से वह उनकी संभावनाओं को लेकर एक समग्र नतीजे पर पहुंचने का प्रयास कर रही है। कैलाश विजयवर्गीय और प्रदेश के तमाम नेताओं की केंद्रीय नेताओं से हुई मेल मुलाकातों के बाद भाजपा अब हर संभावित स्थिति के लिए पहले ही रणनीति तैयार कर लेना चाहती है। आज के इस महामंथन का यही उद्देश्य अभी तक सामने आया है।