November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

उत्तराखंड में तीनों दलों के सीएम पद के चेहरे चुनाव हारे

देहरादून। विधानसभा चुनाव में मतदाताओं ने भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के चेहरों को नकार दिया है। हैरानी की बात है कि तीनों नेताओं को हार का सामना करना पड़ा। खटीमा विधानसभा सीट से सीएम पुष्कर सिंह धामी की हार हुई है। कांग्रेस प्रत्याशी भुवन चंद्र कापड़ी ने 2017 विधानसभा चुनाव में हुई अपनी हार का बदला 2022 के विधानसभा चुनाव में लिया है। ऐसे में अब उत्तराखंड की कमान किसे सौंपी जाएगी, इस पर भाजपा हाईकमान को मंथन करना होगा। कांग्रेस के सीएम पद के चेहरे पूर्व सीएम हरीश रावत की भी हार हुई है। कांग्रेस ने उन्हें रामनगर विधानसभा सीट से हटाकर लालकुआं विधानसभा सीट में प्रत्याशी बनाया था। लेकिन हरीश रावत इसबार के चुनाव में अपनी जीत दर्ज नहीं कर पाए हैं। उन्हें भाजपा के प्रत्याशी मोहन सिंह बिष्ट ने करारी शिकस्त दी है। वहीं, गंगोत्री विधानसभा सीट से आप के सीएम पद चेहरा कर्नल अजय कोठियाल भी चुनाव जीत पाने में सफल नहीं हुए। कोठियाल को भी करारी हार का सामना करना पड़ा है।