October 24, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

माघ मेले की तर्ज पर होगा उत्तरकाशी का बसंतोत्सव मेला

उत्तरकाशी। नगरपालिका बाड़ाहाट उत्तरकाशी प्रसिद्ध माघ मेले की तर्ज पर इस बार बसंतोत्सव मेले का आयोजन करेगी। स्थानीय देवडोलियों की मौजूदगी में मेले का उद्घाटन करने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तरकाशी के रामलीला मैदान पहुंचेंगे। 9 से 19 अप्रैल तक होने वाले बसंतोत्सव मेले में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभागीय गोष्ठियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
रविवार को नगरपालिका सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए नगरपालिका अध्यक्ष रमेश सेमवाल ने मेले के भव्य आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बसंतोत्सव मेला पहली बार होने जा रहा है। सबकुछ वैसे ही होगा जैसे उत्तरकाशी का पौराणिक माघ मेले का आयोजन होता आया है। ये बात अलग है कि इस बार विधानसभा चुनाव के चलते माघ मेला नहीं हो पाया। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि इस मेले में नए कलाकारों को अपनी कला का प्रदर्शन करने का मौका दिया जाएगा और उत्तराखंड के अन्य सुप्रसिद्ध कलाकारों को भी मेले में आमंत्रित करेंगे। साथ ही जनपद के विभिन्न विभागों की गोष्ठियां भी संपन्न कराई जाएगी,ताकि आम व्यक्ति को विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ मिल सके। मेले में निशुल्क स्वास्थ्य कैंप भी लगाए जाएंगे। उन्होंने शहर के स्थानीय व्यापारियों को आश्वस्त किया कि यदि उनको नुकसान हुआ तो अगली बार से मेला नहीं कराएंगे। उनका मकसद व्यापारियों का नुकसान बिल्कुल नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मेला सफल होगा और व्यापारियों परेशानी का समाधान भी होगा। कहा कि मेले का मुख्य उद्देश्य है कि मेले हो रहे क्रिया कलापों से लोगों का मनोरंजन हो। क्योंकि पिछले 2 साल से कोरोना महामारी के कारण आमजन परेशान है। इस मौके पर देवराज बिष्ट, सुनील कुमार मौर्य भी उपस्थित रहे।