November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

गंग नहर में डूबे युवक का शव बरामद

हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र में रविवार शाम पथरी पुल पर नहाते समय शामली का युवक गंग नहर में डूब गया था। सोमवार कोएसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने सुबह करीब साढ़े 11 बजे शव को बरामद कर लिया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। बताया जा रहा है कि शामली निवासी 26 वर्षीय विशांत अपने दोस्तों के साथ नहाने गंग नहर में गया था। थानाध्यक्ष बहादराबाद नितेश शर्मा ने बताया कि विशांत रविवार शाम अपने दोस्तों के साथ पथरी पुल पर गंग नहर में नहाने गया था। इसी दौरान लापरवाही से नहाते समय विशांत पहले पानी के बहाव में बह गया और उसके बाद भंवर में फंसकर डूब गया। उसके दोस्तों द्वारा तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी गई।  जिसके बाद पुलिस के गोताखोर और एसडीआरएफ के टीम ने देर रात तक विशांत को ढूंढने का प्रयास किया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। सोमवार सुबह से ही यह टीमें गंग नहर में विशांत की तलाश में जुटीं थी।सुबह करीब 11.30 बजे टीम ने शव को गंग नहर से ढूंढ निकाला। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवा दिया गया है। पुलिस ने बताया कि शामली का रहने वाला विशांत महादेवपुरम सिडकुल में किराए के मकान पर रहता था। वह सिडकुल स्थित हीरो कंपनी में बीते कुछ सालों से नौकरी कर रहा था।