November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

यात्रा मार्ग के व्यापारियों की समस्या को समझे सरकारः यूकेडी

देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय मीडिया प्रभारी शिव प्रसाद सेमवाल ने भाजपा सरकार से मांग की है कि वह चारधाम यात्रा मार्ग पर विभिन्न अव्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय व्यापारियों के साथ बैठक करें और सामंजस्य बिठाये। उन्होंने कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों और ढुलान को देखते हुए सरकार को खुद ही खाने पीने की चीजों के अधिकतम रेट तय कर देनी चाहिए, ताकि किसी तरह की विवाद की गुंजाइश न रहे।
यूकेडी के केंद्रीय मीडिया प्रभारी शिव प्रसाद सेमवाल कहा कि बढ़े हुए दाम पर सामान बेचने पर व्यापारियों को जेल भेजने की धमकी देना सरासर गलत है। सरकार को चाहिए कि व्यापारियों का उत्पीड़न करने के बजाए चार धाम यात्रा में चौतरफा फैली अव्यवस्थाओं को दुरुस्त करें।
यूकेडी नेता सेमवाल ने इसके अलावा सुझाव दिया कि यात्रा को केवल एसडीआरएफ एनडीआरएफ और आईटीबीपी जैसी पुलिसिंग के भरोसे ना छोड़ कर इस रूट पर मजिस्ट्रियल अधिकारियों की भी संख्या बढ़ाएं। यात्रा शुरू होने से लेकर अब तक 41 श्रद्धालुओं की मौत पर भी आक्रोश व्यक्त करते हुए यूकेडी नेता शिव प्रसाद सेमवाल ने कहा कि अनर्गल बयानबाजी के बजाय यातायात और स्वास्थ्य व्यवस्थाएं दुरस्त करने पर फोकस करना चाहिए, वरना बिगड़ी हुई परिस्थितियों के कारण पूरे देश में उत्तराखंड की छवि को नुकसान पहुंचेगा।