October 28, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

डीएम ने जल जीवन मिशन के अन्तर्गत विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों को आच्छादित करने की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई  

देहरादून। जिलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित की गई। जिलाधिकारी द्वारा विगत बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में कृत कार्यवाही की जानकारी प्राप्त करते हुए प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनपद में जल जीवन मिशन के अन्तर्गत आछादित विद्यालयों में एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों को आच्छादित किये जाने की धीमी प्रगति एवं संयुक्त निरीक्षण आख्या प्राप्त होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए किए गए कार्यों के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों तथा ग्राम पचांयतों में जल जीवन मिशन के तहत किए गए कार्यों के संबंध में संबंधितों से प्रमाण-पत्र प्राप्त कर लिया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कन्ट्रोल रूम बनाकर टेण्डर प्रक्रिया की स्थिति, आंगनबाड़ी एवं स्कूल की आछादित प्रगति की स्थिति, हर घर नल (जल सहित) के अन्तर्गत प्रतिदिन की प्रगति की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक सप्ताह मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक करने के निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी देते हुए बताया गया कि जनपद में वर्ष 2022-23 में हर घर नल योजना के लक्ष्य के सापेक्ष 95.48 प्रतिशत प्राप्त किया है जिसमें 127731 घरों के सापेक्ष 121960 घरों को आछादित किया गया है। जिलाधिकारी ने शेष कार्यों को यथाशीघ्र पूर्ण करते हुए संबंधित ग्राम पचांयत प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिया जाए। वर्ष 2022-23 जनपद में विद्यालयों को आछादित करने के लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति 35.86 प्रतिशत तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों का 37 प्रतिशत रही। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी झरना कमठान, एस.ई जल संस्थान नमित रमोला, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।