September 21, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ. डब्बू ने कार्यभार संभाला

रुद्रपुर। विगत दिवस उत्तराखंड कृषि उत्पादन एवं विपणन बोर्ड के अध्यक्ष पद का दायित्व मिलने के बाद डॉ. अनिल डब्बू यहां मंडी निदेशालय पहुंचे और उन्होंने  पदभार ग्रहण लिया है। इस दौरान अधिकारी कर्मचारियों समेत पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व अनिल डब्बू ने मां कुसुम कपूर और पत्नी सुनिति कपूर के साथ पूजा अर्चना की। इसके बाद उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति में कैसे सुधार हो सकता है और उन्हें किस तरीके से अधिक से अधिक लाभ पहुंचाया जा सकता है। इस पर काम किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही मंडी के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर योजनाओं के साथ प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा कर कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उनकी पहली प्राथमिकता किसानों को हर सुविधा देने की रहेगी। इसके अलावा उनकी हर समस्याओं का सामाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी ने विगत दिनों उत्तराखंड को देश में सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का आह्वान किया था। सभी के सहयोग से मुख्यमंत्री के इस आह्वान को साकार करने का प्रयास किया जाएगा। यहां बता दें कि डॉ. डब्बू इससे पूर्व प्रदेश मीडिया सलाहकार समिति के सदस्य, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष, एमबीपीजी महाविद्यालय हल्द्वानी में छात्रसंघ अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इस दौरान विधायक शिव अरोरा, बोर्ड के एमडी आशीष भटगांई, महाप्रबंधक प्रशासन निर्मला बिष्ट, विवेक सक्सैना, पार्षद बबलू सागर समेत मंडी के कई अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।