October 21, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

जनता मिलन में उठने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान करें। गहरवार

रुद्रप्रयाग। आम जनमानस की समस्याओं का त्वरित गति से निस्तारण करने और सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने ग्रामीणों की दर्ज शिकायतों के निस्तारण को लेकर अधिकारियों की बैठक ली।
कलक्ट्रेट में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने अधिकारियों से कहा कि सरकार की मंशा है कि अंतिम छोर में निवासरत हर व्यक्ति को योजनाओं की जानकारी होने के साथ ही उनकी समस्या का समय पर समाधान किया जाए। इसको लेकर अधिकारियों को माहवार ग्राम पंचायत आवंटित की जा रही हैं। इन ग्राम पंचायतों में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में दर्ज शिकायतों का तत्परता से निवारण किया जाए। साथ ही इनका डाटा भी तैयार किया जाए। बैठक में समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि ग्राम पंचायत कोटी में आयुष्मान कार्ड न बनने की बात सामने आई है, जिसके लिए उन्होंने मंगलवार को गांव में कैंप लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए तथा कोटी में ग्रामीणों को मुआवजा नहीं मिला है। इसके लिए भी कैंप के माध्यम से छूटे परिवारों को मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। समीक्षा बैठक के दौरान यह भी प्रकाश में आया कि कई स्कूलों में गैस कनेक्शन उपलब्ध नहीं हैं। इसके लिए जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी को ऐसे विद्यालयों की सूची तैयार करते हुए उसके लिए बजट की मांग कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा गया। जिला योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला योजना के अंतर्गत जिन विभागों द्वारा अभी तक धनराशि व्यय नहीं की गई है, संबंधित विभाग अवशेष धनराशि को प्राथमिकता से व्यय करें। इसके लिए जो भी कार्य किए जाने हैं, उन कार्यों को गुणवत्ता के साथ कराते हुए व्यय की गई धनराशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को उपलब्ध कराएं। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी कल्याणी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग आशीष घिल्डियाल, जखोली भगत सिंह फोनिया, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र सिंह बिष्ट, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, अधिशासी अभियंता लोनिवि रुद्रप्रयाग इंद्रजीत बोस, ऊखीमठ मनोज भट्ट, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संदीप भट्ट, जल निगम नवल कुमार, जल संस्थान अनीश पिल्लई, जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।