रुद्रप्रयाग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में विशेष पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक का आयोजन किया गया। इस दौरान बाबा केदार के समक्ष देश की उन्नति, समृद्धि, सुख-शांति तथा विश्व कल्याण के लिए विशेष प्रार्थना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच संपन्न हुए कार्यक्रम में श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों एवं तीर्थ पुरोहितों ने भगवान केदारनाथ का विधिवत जलाभिषेक कर राष्ट्र की निरंतर प्रगति एवं जनकल्याण की मंगलकामना की। धाम का वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा।
इस अवसर पर बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष विजय कपरवाण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान देश ने विकास, आधारभूत संरचना, पर्यटन, धार्मिक स्थलों के पुनरुद्धार और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक स्तर पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि केदारनाथ धाम का भव्य पुनर्निर्माण और आधुनिक सुविधाओं का विकास प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
उन्होंने बाबा केदार से प्रार्थना करते हुए कहा कि देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे तथा विश्व में शांति, सद्भाव और मानव कल्याण का संदेश प्रसारित होता रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्र की समृद्धि, अखंडता और विश्व शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर केदारनाथ धाम में की विशेष पूजा-अर्चना

More Stories
एसआईआर जागरूकता अभियान की अधूरी तैयारी देखकर बिफरे डीएम आशीष चौहान
दलित युवक की हत्या मामले में दो और हत्यारोपी गिरफ्तार
प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु से मिली बॉक्सर मैरीकॉम