रुद्रप्रयाग। कृषि एवं कृषक कल्याण तथा सैनिक कल्याण मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री गणेश जोशी शनिवार को विकासखंड सभागार जखोली में आयोजित जनकल्याण एवं बहुद्देशीय सेवा शिविर में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर में प्राप्त 40 शिकायतों में से 30 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत ष्एक पेड़ मां के नामष् अभियान के तहत वृक्षारोपण से हुई। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित जनकल्याण शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति और लाभार्थियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
अपने संबोधन में मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविर सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम हैं, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र लोगों को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराया जाए।
शिविर के दौरान नंदवाण गांव के ग्रामीणों ने बंद नालियों के कारण बरसात का पानी खेतों और आवासीय परिसरों में घुसने की समस्या उठाई तथा जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य ललिता देवी ने खलियाण बांगर क्षेत्र में अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़कों और नालियों के पुनर्निर्माण की आवश्यकता बताई।
क्षेत्र पंचायत सदस्य सीमा देवी ने मयाली बाजार में सार्वजनिक शौचालय और नाली निर्माण की मांग रखी, जबकि बरसिर गांव के निवासी सुंदर सिंह रावत ने गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने की समस्या से मंत्री को अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की।
प्रभारी मंत्री ने सभी शिकायतों और मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, ब्लॉक प्रमुख विनीता चमोली, जिला भेषज संघ अध्यक्ष आरती रावत, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, उपजिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
मंत्री गणेश जोशी ने जखोली में जनकल्याण शिविर लगाकर सुनीं क्षेत्रीय की समस्याएं

More Stories
डीएम ने की आपदा तैयारी एवं मानसून पूर्व व्यवस्थाओं की समीक्षा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहाः सीएम
मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील, डीएम ने रवाना किए जागरूकता रथ