June 28, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

रोड पर वाहन खडे़ किए तो होगी कड़ी कार्रवाईः पालिकाध्यक्ष

मसूरी। पर्यटन नगरी में वाहनों की बढ़ती संख्या व पार्किंग की कमी के चलते लग रहे जाम से जहां आम जनता परेशान है वहीं नगर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने स्पष्ट कहा कि जिन होटलों के पास पार्किग नहीं है वह अपने पर्यटकों के वाहन पार्किगों में लगाये अगर रोड पर वाहन खडे़ करवाये गये तो कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
नगर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल से कहा कि वह शीघ्र होटल एसोसिएशन की बैठक बुलायें व उसमें स्पष्ट करें कि कोई भी होटल वाला वाहनों को रोड पर पार्किग नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि अगर बैठक में उन्हें बुलाया जायेगा तो वह जायेगी व होटल वालों से अनुरोध करेंगी कि रोड पर वाहन पार्किग न करें। ताकि जाम से लोगों को राहत मिल सके। पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि यह केवल कैमल बैक रोड की बात नहीं यह मालरोड, लंढौर रोड आदि सभी क्षेत्रों के लिए है। अगर इस दिशा में सुधार नहीं हुआ व होटल एसोसिएशन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया तो पालिका को कड़े कदम उठाने पडेगे। जिसके तहत पर्यटक वाहनों को मालरोड से अंदर नहीं जाने दिया जायेगा व ऐसे में जिस होटल की बुकिंग है वह बैरियर से अपने पर्यटकों को पिक करे। उन्होंने कहाकि रोड पर वाहन खडे होने से जाम लगता है लोगों का समय बर्बाद होता है बच्चों को स्कूल जाने में विलंब होता है अगर सुधार नहीं किया गया तो पालिका को कडे निर्णय लेने पडेंगे। उन्होंने कहा कि यातायात पालिका की जिम्मेदारी नहीं है यह पुलिस प्रशासन का कार्य है लेकिन जहां जाम लगता है तो पालिका को गाली दी जाती है, ऐसे में पालिका गाली नहीं खायेगी, पुलिस व्यवस्था नाकाम है, उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस के साथ भी बैठक की जायेगी। ताकि समस्या का समाधान हो सके। अगर पुलिस भी असफल रही तो पालिका कठोर कदम उठायेगी।