November 11, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

केदारनाथ यात्रा में कचरे से निकलेगी ऊर्जा

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर वर्षों से पर्यावरण के लिए बड़ी चुनौती बनी खच्चरों की लीद अब कचरा नहीं, बल्कि ऊर्जा का नया स्रोत बनेगी। जिस लीद के निस्तारण को लेकर हर यात्रा सीजन में सवाल उठते रहे हैं, उसी से अब जंगलों में बिखरे चीड़ के पीरूल को मिलाकर ईंधन तैयार किया जा रहा है। उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार की इस अनूठी पहल के तहत सोनप्रयाग में खच्चरों की लीद और पीरूल से बायोमास फायर पेलेट बनाने की इकाई स्थापित की गई है। इसे देश में अपनी तरह की पहली पहल बताया जा रहा है।
मंगलवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सोनप्रयाग स्थित पेलेट निर्माण इकाई का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पूरी निर्माण प्रक्रिया का निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। खास बात यह है कि इस पहल से न केवल खच्चरों की लीद के निस्तारण की समस्या का समाधान खोजा जा रहा है, बल्कि जंगलों में आग का बड़ा कारण बनने वाले चीड़ के पीरूल का भी सदुपयोग किया जा सकेगा।
इस इकाई में तैयार होने वाले फायर पेलेट का उपयोग केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए स्थापित हॉट वॉटर जनरेटर में किया जाएगा। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को 24 घंटे निःशुल्क गर्म पानी उपलब्ध कराने की योजना है। यानी अब खच्चरों की लीद और पीरूल से तैयार ईंधन बाबा केदार के धाम में यात्रियों की सुविधा का माध्यम बनेगा।
ये बायोमास पेलेट कार्बन न्यूट्रल ईंधन विकल्प के रूप में विकसित किए गए हैं। इनका इस्तेमाल हॉट वॉटर बॉयलर के साथ-साथ यात्रा मार्ग के ढाबों को उपलब्ध कराए जाने वाले विशेष फायर स्टोव में भी किया जाएगा। इससे गैस और डीजल की खपत कम करने में मदद मिलेगी। इसके अतिरिक्त उत्तराखंड में स्थापित विभिन्न उद्योगों की भट्टियों में भी इन पेलेट के उपयोग की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। हालांकि, फिलहाल यह इकाई बड़े पैमाने पर उत्पादन करने की स्थिति में नहीं है, लेकिन शुरुआती परिणाम उत्साहजनक बताए जा रहे हैं। इस परियोजना को उत्तराखंड पर्यटन विभाग के सौजन्य तथा जिला प्रशासन, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी और वन विभाग रुद्रप्रयाग के सहयोग से एनजीओ हाईफीड ने स्थापित किया है।
संस्था के निदेशक उदित घिल्डियाल ने बताया कि भारी यात्रा दबाव के चलते सोनप्रयाग में इकाई स्थापित करने और केदारनाथ धाम में हॉट वॉटर जनरेटर लगाने में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि जल्द ही लिंचोली और गौरीकुंड में भी हॉट वॉटर जनरेटर स्थापित किए जाएंगे।
ेएक पहल, कई समस्याओं का समाधान! खच्चरों की लीद का बेहतर निस्तारण, पीरूल का उपयोग, जंगलों में आग के खतरे को कम करने की दिशा में प्रयास और वैकल्पिक ईंधन का उत्पादन। यदि यह प्रयोग बड़े स्तर पर सफल होता है तो केदारनाथ यात्रा पर्यावरण संरक्षण और कचरे से ऊर्जा उत्पादन का देशभर के लिए एक नया मॉडल बन सकती है।