November 14, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

बजरंग दल कार्यकर्ता की गिरफ्तारी पर बवाल, एसएसपी कार्यालय पर किया प्रदर्शन

देहरादून। पटेलनगर में हुई 14 लाख की लूट प्रकरण में बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
शनिवार को गिरफ्तारी के विरोध और संगठन को बदनाम करने की साजिश का आरोप लगाते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ता एसएसपी को शिकायत देने पहुंचे। बजरंग ल के एलान के बाद एसएसपी कार्यकाल की सुरक्षा बढ़ाई गई। बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया।
बजरंग दल के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में एसएसपी कार्यालय में पहुंचे। इस दौरान हनुमान चालीसा का पाठ किया। बजरंग दल को इस विरोध प्रदर्शन में कई संगठनों ने समर्थन भी दिया है।
पुलिस कार्यालय में बजरंग दल के कार्यकर्ता उग्र हो गए और विवाद बढ़ गया। जिसके बाद एसपी सिटी शेखर सुयाल  ज्ञापन लेने पहुंचे, लेकिन विवाद नहीं थमा। पटेलनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर को बर्खास्त करने की मांग की। पुलिस के ख़िलाफ जमकर प्रदर्शन किया। बजरंग दल के कार्यकर्ता एसएसपी ऑफिस में शक्ति प्रदर्शन कर रहे है। गिरफ्तार सिद्धांत बडोनी के साथ बर्बरता का आरोप लगाया जा रहा है।पटेलनगर में लूट प्रकरण और पुलिस पर लगते आरोप के बीच एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने मामले की जांच अब एसपी ग्रामीण जया बलोनी को सौंपी है। इस मामले की जांच अभी तक सिटी सर्किल से हो रही थी।
शनिवार को पुलिस कार्यालय में बजरंग दल के विरोध के बीच भी एसएसपी ने भरोसा दिया। एसएसपी ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। पुलिस पर जो आरोप लगे हैं, उसकी भी जांच कराई जाएगी।

पुलिस कप्तान ने बदला जांच का दायरा, अब देहात सर्किल में होगी 14 लाखू की लूट की जांच
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में 14 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने जांच का सर्किल बदल दिया है। अब इस पूरे मामले की जांच सिटी सर्किल के बजाय देहात सर्किल से होगी। एसपी देहात जया बलूनी को जांच अधिकारी बनाया गया है। उनके निर्देशन में मामले की आगे की विवेचना की जाएगी। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के पुलिस कार्यालय में प्रदर्शन के बाद एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने यह आदेश जारी किए हैं।
दरअसल, सात नवंबर को छोटी दिवाली के दिन पटेलनगर क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास 14 लाख रुपये की लूट हुई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें बजरंग दल का कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ोनी भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अब तक 3.02 लाख रुपये बरामद किए हैं।सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी के बाद बजरंग दल ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विरोध शुरू कर दिया था। संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और गिरफ्तारी को गलत बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे प्रकरण की जांच दूसरे अधिकारी से कराने की मांग भी की थी।विवाद बढ़ने के बाद एसएसपी ने मामले की जांच सिटी सर्किल से हटाकर देहात सर्किल को सौंपने का निर्णय लिया। अब एसपी देहात जय बलूनी के निर्देशन में जांच आगे बढ़ेगी। इस बदलाव को मामले की निष्पक्ष जांच और उठ रहे सवालों के बीच महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।