November 16, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

युवाओं को जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब क्रिएटर बनाने के लिए प्रतिबद्ध राज्य सरकारः सीएम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आईआरडीटी सभागार, देहरादून में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित युवा कौशल महोत्सव-2026 में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने सहसपुर स्थित स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार हासिल करने वाले 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। साथ ही अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा-2026 के 32 राजकीय आईटीआई टॉपर्स को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने आईटीआई में राज्य स्तरीय प्रवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से विभागीय पोर्टल विकसित करने में सराहनीय योगदान देने वाले विभागीय अधिकारियों एवं कार्मिकों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि आज का आयोजन प्रदेश के युवाओं की मेहनत, प्रतिभा, कौशल और सामर्थ्य के सम्मान का अवसर है। उत्तराखण्ड के युवाओं ने अपनी प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की विशिष्ट पहचान स्थापित की है। यदि युवाओं को उचित प्रशिक्षण, अवसर और बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाए तो वे विश्व के किसी भी प्रतिस्पर्धात्मक मंच पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि चीन के शंघाई में सितंबर 2026 में आयोजित 48वीं वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 सिल्वर मेडल और 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस हासिल किए तथा प्रतियोगिता में 10वां स्थान प्राप्त किया। यह वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस उपलब्धि में उत्तराखण्ड के दो प्रतिभाशाली युवाओं सानिया जोशी और पार्थ बोहरा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स तथा पार्थ बोहरा ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी में सिल्वर मेडल जीतकर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने दोनों प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी युवा केवल संसाधनों अथवा अवसरों की कमी के कारण अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने से वंचित न रहे। युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता और खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी उद्देश्य से राजकीय आईटीआई में प्रशिक्षण की गुणवत्ता को बेहतर बनाने, संस्थानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने तथा उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर यह प्रयास किया जा रहा है कि युवाओं को उन क्षेत्रों में प्रशिक्षण मिले, जिनमें वर्तमान समय में कुशल मानव संसाधन की अधिक मांग है। सहसपुर स्थित स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षित 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाना इसी दिशा में सरकार के प्रयासों की सार्थक परिणति है। यह उपलब्धि केवल युवाओं को रोजगार मिलने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रशिक्षण से रोजगार तक पहुंचने की एक प्रभावी व्यवस्था का उदाहरण भी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 100 से अधिक युवा विदेशों में भी अपनी सेवाएं देकर उत्तराखण्ड का नाम रोशन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नौकरी पाने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में भी आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि युवा केवल जॉब सीकर न बनें, बल्कि जॉब क्रिएटर बनकर अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएं। इसके लिए प्रदेश में स्टार्टअप नीति लागू की गई है। नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं तथा 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। युवा प्रोत्साहन योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना जैसी पहलों के माध्यम से युवाओं को ऋण एवं सब्सिडी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि आर्थिक संसाधनों का अभाव उनके सपनों और नवाचार की राह में बाधा न बने। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए एक मजबूत सहयोगी के रूप में उनके साथ खड़ी है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का प्रत्येक युवा अपनी प्रतिभा और कौशल के आधार पर आगे बढ़े तथा उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प में सहभागी बने। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री खजान दास, सचिव सी. रविशंकर, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न संस्थानों के प्रशिक्षक, सम्मानित प्रतिभागी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।