रुद्रप्रयाग। द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली गुरुवार को विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के साथ उनके शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में विराजमान हो गई। भगवान मदमहेश्वर की उत्सव डोली के शीतकालीन प्रवास के लिए पहुंचने पर गिरिया गांव से लेकर ऊखीमठ तक आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया और बाबा मदमहेश्वर के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र बाबा के जयकारों से भक्तिमय बना रहा।
इससे पूर्व प्रातःकाल भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली ने गिरिया गांव से ऊखीमठ के लिए प्रस्थान किया। विभिन्न पड़ावों से होते हुए डोली के मंगोलचारी पहुंचने पर रावल भीमाशंकर लिंग ने भगवान मदमहेश्वर को स्वर्ण छत्र अर्पित किया। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए और श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ बाबा का स्वागत किया।
ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने पर विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच भगवान मदमहेश्वर को शीतकालीन गद्दी पर विराजमान किया गया। इसके साथ ही मदमहेश्वर धाम के प्रधान पुजारी शिव शंकर लिंग के छह माह तक धाम में प्रवास करने के संकल्प का भी रावल भीमाशंकर लिंग ने विधिवत समापन कराया। भगवान की उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचने के साथ ही शीतकालीन पूजा-अर्चना की तैयारियां पूरी हो गई हैं। शुक्रवार से ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान मदमहेश्वर की शीतकालीन पूजा विधिवत शुरू होगी। इसी के साथ क्षेत्र में शीतकालीन धार्मिक यात्रा का भी आगाज हो जाएगा।
मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण ने बताया कि इस वर्ष ग्रीष्मकालीन यात्रा के दौरान ओंकारेश्वर मंदिर में कुल 74,092 तीर्थयात्रियों ने पहुंचकर भगवान के दर्शन किए। उन्होंने उम्मीद जताई कि शीतकालीन प्रवास के दौरान भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु ऊखीमठ पहुंचकर बाबा मदमहेश्वर के दर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल में विराजमान होने के बाद अब मदमहेश्वर घाटी की धार्मिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र ओंकारेश्वर मंदिर रहेगा।
इस अवसर पर डॉ. केदार लिंग, पूर्व प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, मंदिर समिति सदस्य विनीत पोस्ती, प्रह्लाद पुष्वाण, प्रधान पुजारी बागेश लिंग, टी. गंगाधर लिंग, शिव लिंग, तुंगनाथ मंदिर प्रबंधक प्रकाश पुरोहित, प्रधान मचकण्डी डॉ. गौरव कठैत, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हर्षप्रीतम सिंह नेगी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कोटमा सोमेश्वरी भट्ट, वेदपाठी यशोधर मैठाणी, विश्व मोहन जमलोकी, देवानंद गैरोला, डोली प्रभारी किशन त्रिवेदी, सह प्रभारी दीपक पंवार, शिवानंद पंवार, भंडारी मदन सिंह पंवार, प्रेम सिंह रावत सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।
ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान हुई भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली

More Stories
गौचर, चमोली में मेगा पूर्व सैनिक रैली का किया आयोजन
धरने पर बैठे शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षित बेरोजगारों का फूटा गुस्सा
मुख्यमंत्री ने किया देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण