देहरादून/हरिद्वार। गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा के संरक्षण और जलीय जैव विविधता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार के अमरापुर घाट पर 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन किया। विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गंगा के पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा हमारी आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक होने के साथ-साथ समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों का महत्वपूर्ण आधार भी हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि नदियों में पाए जाने वाले जलीय जीवों और प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरण संतुलन के लिए बेहद जरूरी है। नदियों में उपयुक्त प्रजातियों के मत्स्य बीजों का संचयन प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे जलीय पारिस्थितिकी के संरक्षण के साथ मत्स्य संसाधनों के सतत विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। हालांकि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने आमजन से गंगा सहित प्रदेश की सभी नदियों को स्वच्छ रखने, जल प्रदूषण रोकने और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने में सहयोग करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियां और प्राकृतिक संसाधन आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण करते हुए विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, समृद्ध और पर्यावरण की दृष्टि से सुरक्षित भविष्य का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने गंगा में छोड़े 10 हजार मत्स्य बीज, जलीय जैव विविधता बचाने पर जोर

More Stories
उत्तराखंड में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार, जनता का भरोसा हमारे साथः राजनाथ सिंह
कैबिनेट में लाया जायेगा गेस्ट फैकल्टी के मानदेय वृद्धि का प्रस्तावः डाॅ. धन सिंह रावत
मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार पहुंचकर योगी आदित्यनाथ की माता को दी श्रद्धांजलि