November 28, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखंड बना देश का अग्रणी राज्यः डॉ. धन सिंह

देहरादून। प्रदेश के शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था में हुए ऐतिहासिक बदलावों और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड ने पूर्ण साक्षरता से लेकर आधुनिक और तकनीकी शिक्षा तक एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि जुलाई 2026 में उत्तराखंड का देश का पूर्ण साक्षर राज्य घोषित होना प्रत्येक प्रदेशवासी के लिए गौरव का विषय है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को धरातल पर उतारने वाले राज्यों में उत्तराखंड आज देश में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

क्षेत्र में देश का आदर्श राज्य बनकर उभरेगा और प्रदेश के युवा आत्मनिर्भर व विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएंगे। डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप हाईटेक और आधुनिक बनाया जा रहा है। आज प्रदेश के 500 सरकारी स्कूल डिजिटल स्टूडियो से जुड़ चुके हैं और स्कूली व उच्च शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को बढ़ावा दिया जा रहा है। दून विश्वविद्यालय और आईआईटी मद्रास के सहयोग से एआई फॉर ऑल पाठ्यक्रम शुरू किया गया है, जिससे उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को एआई और आधुनिक तकनीक सीखने के नए अवसर मिल रहे हैं। इसके साथ ही सरकारी स्कूलों में 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट खरीदने के लिए डीबीटी के माध्यम से सीधे आर्थिक सहायता दी जा रही है, तथा प्रदेश में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय और 281 पीएम श्री स्कूल विकसित कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की गई है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने और उच्च शिक्षा के विस्तार के लिए सरकार निरंतर ठोस कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना से 20 हजार विद्यार्थियों को लाभ मिला है, वहीं विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से 21,743 विद्यार्थियों को 17.67 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। वर्ष 2024-25 में प्रदेश में डिग्री कॉलेजों की संख्या बढ़कर 139 और सरकारी व निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या 52 हो गई है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा कौशल संवर्धन योजना के अंतर्गत पांच वर्षों में विश्वविद्यालय और कॉलेज के लगभग 1.19 लाख छात्रों को कौशल प्रशिक्षण देने के लिए करीब 200 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है, तथा प्रत्येक जिले के नगर पालिका क्षेत्रों में दो-दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी और वाचनालय भी स्थापित किए जा रहे हैं।
डॉ. रावत ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों और भारतीय ज्ञान परंपरा को भी सशक्त बना रही है। इसी उद्देश्य से स्कूलों में श्रीमद्भागवत गीता के लोक-पाठ की शुरुआत की गई है, जिससे विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, संस्कारों और भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव का भाव विकसित हो सके। इसके साथ ही, प्रदेश में सभी वर्गों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण की शुरुआत की गई है, जिससे अल्पसंख्यक समाज के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर और आधुनिक संसाधन सुलभ हो सकेंगे।
डॉ. धन सिंह रावत ने विश्वास जताया कि डबल इंजन सरकार की इन दूरदर्शी नीतियों और सुधारों से उत्तराखंड शिक्षा के क्षेत्र में देश का आदर्श राज्य बनकर उभरेगा और प्रदेश के युवा आत्मनिर्भर व विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।