July 10, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

जरूरतमंद लोगों को रजाई व कंबल वितरित किए

ऋषिकेश। लक्ष्मण झूला थाने में असहाय और गरीब लोगों की सहायता को आयोजित कार्यक्रम में एडीजी अशोक कुमार और डीआइजी गढ़वाल पुष्पक ज्योति ने 171 जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को रजाई और कंबल वितरित किए। स्वर्ग आश्रम निवासी शतायु जानकी देवी को यह सामग्री देकर उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत की।  एडीजी ने कहा कि आम जनता के बीच मित्र पुलिस का संदेश बेहतर तरीके से पहुंचे यह हमारा प्रयास है। इसी के तहत पुलिस वरिष्ठ नागरिकों के घर पर जाकर उनकी समस्याएं और आपसी विवादों को बातचीत के जरिए सुलझाने का काम कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी जगतराम जोशी ने कहा कि जनपद पौड़ी में 1600 असहाय जरूरतमंदों को इस शीतकाल में रजाई और कंबल वितरित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्र में 250 लोग चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित थाना क्षेत्र के पर्वतीय क्षेत्र में बीमार लोगों को चिकित्सालय तक पहुंचाने में बड़ी समस्या आती है। इसके लिए पुलिस द्वारा जन सहयोग से ग्राम प्रधानों को स्ट्रेचर और फर्स्ट एड बॉक्स उपलब्ध कराए गए हैं। कार्यक्रम में उपस्थित प्रबुद्ध लोगों ने प्रदेश पुलिस प्रशासन से कांवड़ यात्रा को लक्ष्मण झूला ऋषिकेश क्षेत्र में भी नोटिफाइड किए जाने की मांग की।