April 20, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

कड़ाके की सर्दी की चपेट में उत्तराखंड, 11 शहरों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे

देहरादून। इन दिनों उत्तराखंड कड़ाके की सर्दी की चपेट में है। प्रदेश के 11 शहरों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से भी कम चल रहा है। आलम यह है कि तीन दिन से अल्मोड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चल रहा है। वहीं, गुरुवार को मसूरी का न्यूनतम तापमान -1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बुधवार को भी अल्मोड़ा उत्तराखंड में सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 3.1 डिग्री नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में गुरुवार से शीतलहर चल सकती है। विशेषकर मैदानी इलाकों में शीतलहर का प्रकोप ज्यादा हो सकता है।

चटख धूप के बावजूद सर्द हवा लोगों में ठिठुरन बढ़ा रही है। प्रदेश के 11 शहरों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से भी कम है। अल्मोड़ा के अलावा पिथौरागढ़ और जोशीमठ में भी न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस के पास रिकॉर्ड किया गया। देहरादून स्थित राज्य मौसम केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट जारी रहेगी।

दून व मसूरी में भी कड़ाके की ठंड देहरादून 

शीत का सितम दून एवं मसूरी में भी जारी है। बुधवार को दिनभर धूप खिली रही, लेकिन शाम ढलते ही एकाएक ठंड बढ़ गई। बुधवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 24.1 व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि मसूरी का अधिकतम तापमान 17.4 व न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा।