November 17, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

पश्चिमी विक्षोभ फिर हुआ सक्रिय, बारिश और बर्फबारी की संभावना

देहरादून। पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय हो गया है। ऐसे में रविवार रात से चारधाम सहित प्रदेश के अधिकतर इलाकों में बारिश एवं बर्फबारी होने का अनुमान है। मौसम का यह मिजाज मंगलवार तक बना रहेगा।

पिछले तीन दिनों के मुकाबले शनिवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहे और ठंडी हवा चली। इससे मसूरी और देहरादून में ठंड महसूस की गई। जबकि शनिवार को अल्मोड़ा का तापमान भी माइनस में दर्ज किया गया। जोशीमठ, पंतनगर, पिथौरागढ़ और चंपावत में भी न्यूनतम तापमान तीन डिग्री के आसपास रहा। इससे वहां भी ठंड हाड़ कंपाती रही।

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग व पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की से हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना बन रही है। देहरादून व मसूरी में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे। रविवार को दून का अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 24 व आठ डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि सोमवार एवं मंगलवार को प्रदेश में बारिश एवं ऊंचे इलाकों में हिमपात की संभावना है।

विभिन्न शहरों का तापमान

  • शहर———–अधि.———–न्यूनतम
  • देहरादून——–23.8———–7.6
  • मसूरी———–14.3———–6.9
  • हरिद्वार——–23.0———–5.8
  • नई टिहरी——15.0———–5.8
  • उत्तरकाशी——22.9———-4.9
  • जोशीमठ——–23.1———–3.0
  • अल्मोड़ा———23.0———-(-3.0)
  • नैनीताल———13.3———–5.0
  • पंतनगर———-23.2———-3.6
  • पिथौरागढ़——-18.5———–2.9
  • मुक्तेश्वर——–16.0———-2.8
  • चम्पावत———-16.5———5.2