देहरादूनः उत्तराखंड में मानसून की भारी बारिश ने लोगों को उमस से राहत तो दी, लेकिन कई स्थानों पर जलभराव से सड़कें पानी—पानी हो गई। हालांकि चारधाम यात्रा मार्ग सुचारु हैं। बुधवार की शाम को दून सहित कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई थी। इसके बाद गुरुवार की तड़के करीब साढ़े तीन बजे से बारिश का फिर से दौर शुरू हुआ। गढ़वाल मंडल के जनपदों के साथ ही देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश में झमाझम बारिश हुई। इसके चलते दून और ऋषिकेश की सड़कों पर कई स्थानों में जलभराव भी हुआ। वहीं, सड़कों पर अंधेरा छाने से वाहन चालकों को हेड लाइट जलानी पड़ी। बारिश का यह दौर करीब पांच घंटे तक चला। कुमाऊं में भी नैनीताल में हल्की बूंदाबांदी हुई, वहीं बागेश्वर में झमाझम बारिश से सरयू नदी का जलस्तर भी बढ़ने की सूचना है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी 48 घंटे तक देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, हरिद्वार, टिहरी व ऊधमसिंह नगर जिलों में भी भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए जिला प्रशासन को एहतियात बरतने की सलाह दी है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले 48 घंटे प्रदेशभर में मानसून की बारिश का दौर चलेगा।
मानसून की दस्तक, सात जिलों में हाई अलर्ट

More Stories
गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में लेखक गाँव में गूंजी शास्त्रीय संगीत की स्वर लहरियाँ
युवा शक्ति ही देश की असली ताकतः रेखा आर्या
मुख्यमंत्री ने मुख्य सेवक सदन में लेखकों एवं साहित्यकारों से किया संवाद