April 24, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

मलबा आने से तीन घंटे तक बंद रहा यमुनोत्री हाईवे

उत्तरकाशी (UK Reviw) यमुनोत्री हाईवे पर ओजरी के निकट डबरकोट में बारिश होते ही भूस्खलन सक्रिय हो जाता है। मंगलवार को सुबह सड़क पर पहाड़ी से मलबा व पत्थर आने के कारण यमुनोत्री हाईवे बंद हो गया। इस दौरान लगभग 3 घंटे तक डबरकोट में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही। जिससे यमुनोत्री धाम जाने वाले तीर्थ यात्रियों के साथ ही स्थानीय लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।यमुनोत्री हाईवे पर ओजरी के निकट डबरकोट में बीते तीन साल से पहाड़ी से हो रहा भूस्खलन परेशानी बना हुआ है। बरसात के दौरान बारिश होते ही पहाड़ी से भूस्खलन सक्रिय हो जाता है और पहाड़ी से मलबा व पत्थर यमुनोत्री हाईवे पर आ जाता है। जिससे वाहनों की आवाजाही बंद हो जाती है। लगभग सात सौ मीटर लंबे इस भूस्खलन जोन में बरसात के दिनों में आवागमन करना खतरे से खाली नहीं है। बारिश में पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने का हर समय खतरा बना रहता है। हालांकि इस भूस्खलन जोन के दोनों ओर एनएच की जेसीबी मशीनें हर समय खड़ी रहती हैं, जो हाईवे पर मलबा आने के तुरंत बाद मलबा हटाने का काम शुरू कर देती हैं। मंगलवार को सुबह के दौरान इस क्षेत्र में जमकर बारिश हुई। बारिश होने से डबरकोट में पहाड़ी से मलबा आना शुरू हो गया। मलबा एवं बोल्डर गिरने से डबरकोट में हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बंद रही। बारिश कम होते ही एनएच कर्मियों द्वारा जेसीबी मशीन लगाकर हाईवे के दोनों ओर से मलबा हटाने का काम शुरू किया और सुबह लगभग 8 बजे तक मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। इस दौरान करीब 3 घंटे तक हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बंद रही।