June 21, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

स्व. बडोनी के नाम से जाना जाएगा नटराज चौक

उत्तराखंड राज्य आंदोलन का गवाह रहा नटराज चौक अब आंदोलन के प्रणेता स्व. इंद्रमणि बडोनी चौक के नाम से जाना जाएगा। उनके नामकरण वाले चौक की पहचान के लिए नगर निगम ऋषिकेश ने आदमकद प्रतिमा स्थापित की है। रविवार को एक भव्य समारोह के बीच चौक पर मेयर अनिता ममगाईं, दर्जाधारी राज्यमंत्री कृष्ण कुमार सिंघल और राज्य आंदोलनकारियों ने उत्तराखंड के गांधी स्व. इंद्रमणि बडोनी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। रविवार को नटराज चौक पर स्थापित की गई स्व. इंद्रमणि बडोनी के आदमकद प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपाइयों और राज्य आंदोलन से जुड़े लोगों की भीड़ जुटी। मौके पर पहुंची मेयर अनिता ममगाईं, दर्जाधारी राज्यमंत्री कृष्ण कुमार सिंघल और आंदोलनकारी संगठनों से जुड़े लोगों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्व. बडोनी की प्रतिमा का संयुक्त रूप से अनावरण किया गया। मेयर अनिता ममगाईं ने नारियल भी फोड़ा। अनावरण के बीच बडोनी अमर रहे, उत्तराखंड के गांधी को शत-शत नमन आदि नारों से समूचा क्षेत्र गुंजायमान रहा। उत्तराखंड आंदोलनकारी संगठन से जुड़े वेदप्रकाश शर्मा, ऊषा रावत, कमला नेगी ने मेयर का आभार जताते हुए कहा कि राज्य गठन के बाद से नटराज चौक का नाम बदलकर स्व. इंद्रमणि बडोनी चौक और उनकी आदमकद प्रतिमा लगाने की मांग उठती आ रही है, जिसे राज्य बनने के 19 साल बार ऋषिकेश मेयर ने साकार किया है। उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों का मान बढ़ाया है। इस मौके पर वयोवृद्ध स्वतंत्रता सैनानी ओमप्रकाश चौधरी, अध्यक्ष नगर पालिका मुनिकीरेती रोशन रतूड़ी, पूर्व दर्जाधारी मंत्री संदीप गुप्ता, शिक्षाविद् देवेंद्र दत्त सकलानी, श्यामपुर भाजपा मंडलाध्यक्ष प्रदीप धस्माना, मंडलाध्यक्ष ऋषिकेश चेतन शर्मा, कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला, मनोज ध्यानी, प्यारेलाल जुगरान, सुमित पंवार, बृजेश उनियाल, मदन कोठारी, हरीश तिवाड़ी, संदीप शास्त्री, संजय वर्मा आदि मौजूद थे।