June 15, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

वरिष्ठ विधायक बंशीधर भगत बने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष

देहरादून, UKR। उत्तराखंड भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। वरिष्ठ विधायक बंशीधर भगत को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। प्रांतीय मुख्यालय में हुई बैठक में बंशीधर भगत को सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। केंद्रीय पर्यवेक्षक अर्जुन मेघवाल ने उनके की घोषणा की।
उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष की दौड़ में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत पहले से ही अकेले दावेदार के रूप में उभरकर सामने आए थे। इसके बाद गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षक की मौजूदगी में हुई बैठक में उनके नाम पर मुहर भी लग गई है। बंशीधर भगत भाजपा के आठवें प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। इससे पहले अजय भट्ट भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे। भगत धार्मिक क्षेत्र में भी सक्रिय रहे हैं। वह ऊंचापुल ग्रामीण रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पद पर रहे और रामलीला मंचन में राजा दशरथ के पात्र का अभिनय करते हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल भाजपा प्रदेश कार्यालय में नए अध्यक्ष बंशीधर भगत को प्रमाण पत्र सौंपा। इस दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी मौजूद रहे। कार्यालय के बाहर समर्थकों की भीड़ लगी रही। वहीं हल्द्वानी में भी कार्यकर्ताओं ने खूब आतिशबाजी की। पार्टी के सियासी हलकों में गर्म चर्चाओं में वरिष्ठ विधायक बंशीधर भगत का नाम सबसे आगे चल रहा था। क्षेत्रीय व जातीय समीकरण भगत के पक्ष में माने जा रहे थे। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने पूर्व कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत को उत्तराखण्ड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।