May 30, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए भडोली गांव का चयन

टिहरी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए देवप्रयाग ब्लॉक के भडोली गांव का चयन होने पर ग्रामीणों ने खुशी जतायी है। टिहरी जिले की 1036 ग्राम पंचायतों में से भडोली ग्राम पंचायत को इसके लिए जिला स्तर पर चयनित किया गया है। पंचायतीराज विभाग की टीम अगले माह गांव में जाकर स्थलीय निरीक्षण करेगी।
भारत सरकार के पंचायतीराज विभाग की ओर से हर साल स्वच्छता व कूड़ा प्रबंधन, नागरिक सेवा, सामुदायिक संपत्तियों के रखरखाव, आय सृजन, ई गवर्नेंस, प्राकृतिक ऊर्जा संरक्षण, महिला एवं अनुसूचित जाति जनजाति सशक्तिकरण, दिव्यांग एवं वरिष्ट नागरिक सेवा जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया जाता है। बीते वर्ष प्रदेश के देहरादून, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी जिले की चार ग्राम पंचायतों को यह पुरस्कार दिया गया था। देवप्रयाग ब्लॉक की भल्लेगाँव से क्षेत्र पंचायत सदस्य सुमन भट्ट की पहल पर ग्राम पंचायत भडोली को इस बार उक्त पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। क्षेपं सदस्य सुमन भट्ट ने बताया कि भारत सरकार की ओर से प्रायोजित इस पुरस्कार के लिए प्रदेश के 13 जिलों से कुल 53 आवेदन आये थे, जिसमें राज्य की 16 ग्राम पंचायतों का ही चयन हुआ है। जिला स्तर पर चयनित होने पर प्रधान हेमलता देवी, सामाजिक कार्यकर्ता गणेश भट्ट, धर्म सिंह चैहान, खुशाल सिंह कंडारी, बलवंत सिंह लिंगवाल, पान सिंह, राम सिंह पयाल, मंगल रौथाण, नीलम देवी, गीता देवी, माहेश्वरी देवी, अनीता देवी, रजनी पयाल आदि ने खुशी जताई है।