October 29, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

40 दिन बाद पलटन बाजार हुआ गुलजार

देहरादून। कोरोना महामारी में जारी लॉकडाउन के बीच उत्तराखंड शासन की ओर से व्यापारियों को सोमवार से कुछ राहत दे दी गई है। इसके बाद राजधानी देहरादून की प्रसिद्ध बाजारों में से एक पलटन बाजार में सोमवार को करीब 40 दिन बाद एक बार फिर रौनक देखने को मिली। देहरादून के प्रसिद्ध और सबसे पुराने पलटन बाजार की बात करें तो यहां बीते कई दिनों से सन्नाटा पसरा हुआ था। सोमवार से एक बार फिर पलटन बाजार की सभी दुकानें खोल दी गई हैं। इससे एक बार फिर पलटन बाजार में आम जनता की चहल-पहल शुरू हो चुकी है। स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि आज से उनकी दुकानें दोबारा खुली हैं। सुबह से ही कोरोना महामारी के भय से ग्राहकों की संख्या अभी कम है। उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में उनकी बिक्री बढ़ेगी। बहरहाल, लॉकडाउन के बीच कुछ शर्तों के साथ सोमवार से राजधानी देहरादून की दुकानें खुल चुकी हैं। दुकानें खुलने की वजह से बाजारों में लोगों की भीड़ होने लगी है। इसे देखते हुए पुलिस के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराना एक बड़ी चुनौती साबित हो रहा है।