November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

ठंड में रेलवे लाइन की पेट्रोलिंग हुई शुरू, दुर्घटनाओं पर लगेगा ब्रेक

देहरादून। सर्द मौसम में घने कोहरे और तापमान में कमी आने के कारण रेल पटरियां सिकुड़ने लगती हैं, जिससे दुर्घटना होने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। इसको देखते हुए इज्जत नगर रेलवे मंडल प्रशासन ने रेल लाइनों की पटरियों की सुरक्षा को लेकर पेट्रोलिंग शुरू कर दी गई है। इसके अंतर्गत सभी पेट्रोलमैनों को जीपीएस से युक्त कर मंडल के नियंत्रण कक्ष में उनकी नियमित निगरानी की जा रही है।
इज्जत नगर मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत के निर्देश के बाद मंडल के इंजीनियर विभाग द्वारा संरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए सम्पूर्ण इज्जतनगर मंडल में रेल पटरियों पर रात्रि गश्त प्रारंभ कर दी गई है। डीआरएम ने कहा कि जाड़े और ठंड में रेल पथ सिकुड़ना और रेल पटरी फ्रेक्चर होने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। इसी को लेकर इंजीनियरिंग विभाग को ट्रैक पर गश्त तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना पर पेट्रोलमैन रेल नियंत्रण कक्ष को सूचित करता है। जिसके बाद इंजीनियरिंग विभाग के पर्यवेक्षक तत्काल कार्रवाई करते हुए संरक्षित रेल संचालन को सुनिश्चित करते हैं।
मंडल के विभिन्न रेल खंड में तैनात पैट्रोलमैनों को पूर्व में ही शरद ऋतु में संरक्षित रेल संचालन को सुनिश्चित करने के लिए क्या करें और क्या न करें के इस संबंध में सभी तरह के प्रशिक्षण दिए गए हैं। ताकि पैट्रोलमैन अपने कर्तव्यों का निर्वह्न करते हुए रेलवे और रेल यात्रियों की सुरक्षा कर सकें।