November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

विधायक निधि से 3 लाख की लागत से स्ट्रीट लाइट लगवाने की घोषणा की

ऋषिकेश। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गुमानीवाला क्षेत्र में आज उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने एक कार्यक्रम के दौरान आंतरिक सड़क मार्ग के निर्माण हेतु अपनी विधायक निधि से 3 लाख रुपये एवं क्षेत्र के अंतर्गत 50 स्ट्रीट लाइट लगवाने की भी घोषणा की।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्र की समस्या को भी सुना एवं तत्काल सभी समस्याओं का निदान करने का आश्वासन भी दिया। श्री अग्रवाल ने लोगों की समस्याओं पर गौर करते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पड़ने वाले किसी भी क्षेत्र के लोगों को कोई परेशानी होने पर वह उनके साथ सीधे तौर पर संपर्क करे ताकि इन्हें हल करने के लिए कोई ज्यादा परेशानी नहीं हो।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के समेकित विकास के लिए प्रयास निरंतर जारी है। श्री अग्रवाल ने कहा कि जनता की समस्याओं के निदान एवं आधारभूत विकास के लिए समाज के सभी वर्गों के साथ वे हर समय खड़े हैं।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने केंद्र और राज्य सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। उन्होंने कहा कि गरीबों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही है। सौभाग्य योजना, उज्जवला योजना, जनधन योजना, सामाजिक सुरक्षा बीमा योजना के बारे में बताते हुए कहा कि इन योजनाओं के तहत गांव के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया जा रहा है। लोग आगे आकर योजनाओं का लाभ लें और जागरूक हों। इस अवसर पर  ग्राम प्रधान राजेश व्यास, मानवेंद्र कंडारी, सतीश शर्मा, खैरी कला के प्रधान चमन पोखरियाल, किशन नेगी, बृजमोहन बड़ोला, रवि शर्मा, सत्य प्रसाद भट्ट, दिनेश रावत, पुष्पा मित्तल, सतपाल राणा, गोविंद महर, सुनील थपलियाल, अक्षय कौशिक, विजयलक्ष्मी सेमवाल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।कार्यक्रम का संचालन टेक सिंह राणा द्वारा किया गया।