November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

रिटायर्ड पीसीएस अधिकारी एस.सी. बडोनी का निधन

देहरादून। शासन व प्रशासन में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवा दे चुके रिटायर्ड (पीसीएस) अधिकारी सतीश चंद्र बडोनी नहीं रहे। उनका सोमवार सुबह ह्रदय गति रुकने से निधन हो गया। बद्रीपुर देहरादून स्थित निवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। दोपहर को हरिद्वार में उनकी अंत्येष्टी की गई। श्री बडोनी मूल रूप से ग्राम भटवाड़ा पट्टी नैलचामी टिहरी गढ़वाल के रहने वाले थे। वे विभिन्न जिलों में एसडीएम, एडीएम, सीडीओ रह चुके हैं। अपर सचिव उत्तराखंड शासन पद से वे सेवानिवृत्त हुए थे। इसके अलावा वे बाजपुर शुगर मिल के महाप्रबंधक और गढ़वाल मंडल विकास निगम के महाप्रबंधक (खनन) और क्षेत्रीय खाद्य नियंत्रक भी रह रह चुके हैं। पूर्व में वे बारामंकी यूपी में भी एसडीएम रहे। अपर सचिव उत्तराखंड शासन पद से सेवानिवृत्त होने के पश्चात वे सरकार द्वारा आरक्षण के लिए गठित इरशाद आयोग में भी सदस्य रहे। श्री बडोनी के निधन पर विभिन्न लोगों और संस्थाओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। श्री बडोनी की छवि एक कर्मठ और ईमानदार अफसर की रही है। सेवानिवृत्ति के पश्चात वे सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे। वे भटवाड़ा विकास समिति के अध्यक्ष भी रहे।
———————————————-