November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

अटकलों पर लगा विराम, सीएम त्रिवेन्द्र ने दिया इस्तीफा

विधायक दल की बैठक बुधवार को
देहरादून। उत्तराखंड में बीते चार दिनों से चले आ रहे सियासी कयासों पर आखिरकार मंगलवार को विराम लग ही गया। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शाम करीब चार बजकर बीस मिनट पर राजभवन पहुंचकर राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को अपना इस्तीफा सौंप  दिया। इस दौरान उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, मंत्री मदन कौशिक, धन सिंह रावत, विधायक हरबंश कपूर, कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन समेत कई अन्य विधायक मौजूद रहे।इससे पहले मुख्यमंत्री ने दोपहर तीन बजे सीएम आवास पर प्रेसवार्ता बुलाई थी, लेकिन करीब साढ़े तीन बजे जानकारी मिली कि मुख्यमंत्री पहले राजभवन जाएंगे और उसके बाद शाम साढ़े चार बजे प्रेसवार्ता करेंगे। इसके बाद कई मंत्रियों और विधायकों वाले प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री राजभवन पहुंचे और राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके बाद प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके जैसे गरीब परिवार से आये व्यक्ति के लिये यह बड़े सौभाग्य की बात रही कि चार साल उन्हें लोगों की सेवा का मौका मिला। हालांकि मुख्यमंत्री मीडिया के सवालों का जवाब न देकर अपनी बात कहकर निकल गये। इस बीच खबर है बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा विधायक दल की बैठक होगी। जिसमें शीर्ष नेतृत्व की ओर से पर्यवेक्षक बनाकर भेजे जा रहे छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और प्रदेश भाजपा प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम विधायकों से नए नेता के नाम पर चर्चा करेंगे। बताया जा रहा है कि दोनों पर्यवेक्षक दिल्ली से देहरादून के लिए चल दिए हैं और शाम करीब 6 बजे देहरादून पहुंच जाएंगे।