November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

शहीदों के बलिदान अतुलनीय: सुयश महाराज

पर्यटन मंत्री के बेटे सुयश महाराज पत्नी टीवी एक्ट्रेस मोहिना कुमारी संग किया शहीद द्वार का लोकार्पण

सतपुली। क्षेत्रीय विधायक एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के पुत्र सुयश महाराज ने अपनी धर्मपत्नी और टीवी एक्ट्रेस मोहिना कुमारी के साथ पाबौ विकासखंड के ग्राम झंगरबौ में जम्मू कश्मीर में आतंकियों से लोहा लेते एक ऑपरेशन में शहीद हुए दलवीर सिंह राणा की स्मृति में उनके परिजनों द्वारा बनाए गए शहीद द्वार का समारोह पूर्वक लोकार्पण किया। इस मौके पर उपस्थित शहीद के परिजनों एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सुयश महाराज ने कहा कि शहीदों का बलिदान अतुलनीय है, और उनकी चिर स्मृति को हमेशा संजोए रखने के लिए इस तरह के प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने अमर शहीद दलवीर सिंह राणा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों की कहानी आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की हर संभव कोशिश की जानी चाहिए। जिससे आने वाली पीढ़ी अपने वीर सपूतों के इस सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखें। उन्होंने आगे कहा कि गढ़वाल का इतिहास ऐसे वीर सपूतों की कहानियों से भरा हुआ है, और वह अब खुद इसी माटी के बेटे हैं इस पर उन्हें बेहद फक्र है। समारोह में शहीद दलवीर सिंह राणा की पत्नी बिंदी देवी, पर्यटन मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी
राय सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य पुष्पा देवी पाबों के ज्येष्ठ उप प्रमुख मुकेश कंडारी, ग्राम प्रधान झंगरबौ रूबी देवी, लक्ष्मण सिंह समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण एवं महिलाएं मौजूद थी।