November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

जल्द प्रारम्भ होगा मसूरी अस्पताल में आईसीयूः गणेश जोशी

देहरादून। सैनिक कल्याण, औद्योगिक विकास, एमएसएमई एवं खादी ग्रामोद्योग मंत्री गणेश जोशी ने अपने न्यू कैंट रोड़ स्थित कैंप कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक ली।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उप जिला चिकित्सालय मसूरी में आईसीयू का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है किन्तु विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती नहीं होने के कारण आईसीयू लोकार्पित नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्टाफ नर्स के लिए एनएचएम के माध्यम से स्वीकृति ले ली जाए ताकि आईसीयू को प्रारम्भ किया जा सके। ओएनजीसी के माध्यम से अस्पताल को उपकरण खरीद हेतु धनराशि की जानकारी लेते हुए मंत्री ने अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ओएनजीसी सीएसआर मद से धनराशि देने को तैयार है किन्तु अधिकारियों की निष्क्रियता के कारण धनराशि अभी तक प्राप्त नहीं हो सकी है। उन्होंने मसूरी अस्पताल में पार्किंग निर्माण के लिए सीएमओ को तत्काल पत्राचार करने के निर्देश दिये।
डीजी स्वास्थ्य ने बताया कि अस्पताल में आपरेशन थियेटर प्रारम्भ करने के लिए सीएमएस अपने स्तर से सामाग्री क्रय करेंगे और जल्द ही आपरेशन थियेटर को प्रारम्भ कर दिया जाऐगा। साथ ही, उन्होंने बताया कि चिकित्सकों की नयी नियुक्ति होते ही मसूरी के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक भेजे जाऐंगे। इस अवसर पर स्वास्थ्य महानिदेशक डा0 तृप्ति बहुगुणा, संयुक्त निदेशक डा0 राजीव पाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 अनूप डिमरी एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा0 यतेन्द्र सिंह उपस्थित रहे।