November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

मुख्यमंत्री ने जनता को समर्पित की दो लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस

चमोली और उत्तरकाशी जनपदों में सेवाएं देंगी
देहरादून। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में नेशनल हाईवे एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड की ओर से प्रदान की गई दो बहु उपयोगी लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस जनता को समर्पित की। इस मौके पर उन्होंने कहा यह लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस दुर्घटनाओं के समय लोगों की जान बचाने में उपयोगी होंगी। इसके लिए उन्होंने कारपोरेशन के प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मल्टीपरपज एंबुलेंस उत्तराखंड के लिए बहुत उपयोगी है। कोशिश की जाएगी कि चमोली और उत्तरकाशी की तरह अन्य जनपदों में भी इस तरह की अत्याधुनिक सुविधा से एंबुलेंस की व्यवस्था कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोरोना के खिलाफ लड़ाई के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ऑक्सीजन से लेकर बेड की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। रेमडेसीविर इंजेक्शन भी प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति हो गई है और टीकाकरण का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले लोगों की बॉर्डर पर चेकिंग कराई जा रही है। इसके अलावा गाइड्लाइन के अनुपालन के लिए भी निर्देश दिए गए हैं।
बताया गया कि एंबुलेंस में लाइफ सपोर्ट एक्सिस ऑक्सीजन से लेकर तमाम अन्य सुविधाएं हैं, जिससे किसी भी मरीज की जान को बचाया जा सकता है। इससे मौत के खतरे को चालीस प्रतिशत तक कम किया जा सकता है।
इस मौके पर सचिव आरके सुधांशु, एन एच ई डी सी एल के एक्सिक्यूटिव डायरेक्टर कर्नल संदीप सदेरा, सलाहकार विरेंद्र पैनूली, इंजीनियर तरुण नेहरा आदि मौजूद रहे।
/
फोटो डी 03