November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

रिहाई से पहले कैदी निकला कोरोना संक्रमित, जेल में हड़कंप

देहरादून। सुद्धोवाला जेल में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के फैलने का खतरा मंडराने लगा है। यहां एक कैदी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे जेल के बाकी कैदियों और स्टाफ में हड़कंप की स्थिति है। संक्रमित कैदी को दून अस्पताल में भर्ती किया गया है। गत वर्ष कोरोना की पहली लहर में भी सुद्धोवाला जेल में कई कैदी संक्रमित पाए गए थे।
जेल अधीक्षक आरएस कोठारी ने बताया कि एक कैदी को रिहा किया जाना था। हाई कोर्ट का आदेश है कि रिहा करने से पहले कैदी की कोरोना जांच अवश्य कराई जाए। इसी आदेश के अनुपालन में कैदी की जांच कराई गई तो पता चला कि वह कोरोना संक्रमित है। इसके बाद कैदी को एंबुलेंस से दून अस्पताल पहुंचाया गया। एहतियात के तौर पर आज पूरे जेल परिसर को सैनिटाइज किया गया। कोरोना के मद्देनजर अन्य कैदियों की भी निगरानी की जा रही है। जिससे किसी भी कैदी में लक्षण नजर आने पर तत्काल उसकी जांच और उपचार की व्यवस्था की जा सके।
कोरोना की दूसरी लहर में जेल के भीतर संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आने से अब तक सुद्धोवाला जेल प्रबंधन सुकून में था। मगर, एक कैदी के संक्रमित पाए जाने के बाद जेल प्रबंधन का सुकून भी खत्म हो गया। इसकी वजह यह कि जेल में क्षमता से अधिक कैदी हैं। इससे संक्रमण के तेजी से प्रसार होने का खतरा है। कोरोना के पहले चरण में यहां कई कैदी कोरोना की चपेट में आए थे। उस दौरान दून अस्पताल में संक्रमित कैदियों की संख्या इतनी ज्यादा हो गई थी कि सुरक्षा के लिए दून अस्पताल के बाहर पुलिस के साथ पीएसी भी तैनात करनी पड़ी थी।
/