November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

विधायक निधि से 7 लाख 50 हजार रुपये देने की घोषणा की

ऋषिकेश। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत श्यामपुर, भल्ला फार्म में आज उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कोरोना संक्रमण से रोकथाम के लिए क्षेत्रवासियों को जागरूक किया। इस दौरान श्री अग्रवाल ने प्राइमरी स्कूल भल्ला में चार दिवारी एवं क्षेत्र में नाली निर्माण के लिए अपनी विधायक निधि से 7 लाख 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।
इस अवसर पर भल्ला फार्म विकास समिति के सचिव रणवीर सिंह राणा एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा श्री अग्रवाल द्वारा क्षेत्र में कराए जा रहे बिजली, पानी सड़क आदि विकास कार्यों के लिए पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया।इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों की विभिन्न समस्याओं को भी सुना साथ ही कई समस्याओं का संबंधित विभाग के अधिकारियों के संग दूरभाष पर वार्ता कर समाधान भी किया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में धीरे धीरे कमी आ रही है और सरकार ने इस महामारी की तीसरी लहर से निपटने के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ‘ब्लैक फंगस’ को लेकर काफी गंभीर है और इसके उपचार के लिए योजना बनायी गई है। श्री अग्रवाल ने कहा कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बाद आशंका व्यक्त की जा रही है कि इस महामारी की तीसरी लहर आनी है। उन्होंने कहा कि बच्चों तथा महिलाओं को इस संक्रमण से ज्यादा खतरा बताया जा रहा और इस बात को ध्यान में रखते हुए हमें और अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है।कोरोना को पूर्ण रूप से समाप्त करने के लिए यह जरूरी है कि हर व्यक्ति यह संकल्प ले कि वह अनिवार्य रूप से मास्क का उपयोग करेगा तथा फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करेगा, इसी के माध्यम से ही संक्रमण की चेन टूटेगी। इस अवसर पर उत्तम सिंह कठैत, श्यामपुर मंडल उपाध्यक्ष राजवीर रावत, रणवीर राणा, एमपी उनियाल, ए पी एस यादव, गोविंद सिंह रावत, चंद्रवीर पोखरियाल, सर्वजीत सिंह शर्मा, पीडी कुडियाल, मोहन कलूड़ा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
———————————————-