November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

डोईवाला में हो रहा है अवैध खननः मनीष

देहरादून। पूर्व राज्य मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष कुमार ने प्रेस में जारी एक बयान में कहा कि डोईवाला विधानसभा में लगातार अवैध खनन हो रहा है जिस को रोक पाने में शासन-प्रशासन नाकाम साबित हो रहा है। सूसवा नदी में लगातार बुलावाला वाला,  झंबरावाला वाला, दुधली तक लगातार अवैध खनन हो रहा है, अवैध खनन करने वाले रात से लेकर दिन तक भी खनन कर रहे हैं लेकिन संबंधित विभाग द्वारा कोई भी ठोस कार्यवाही इन पर अभी तक नहीं हो पाई है। कोरोना महामारी की आड़ में खनन माफियाओं द्वारा जमकर खनन किया जा रहा है, वन क्षेत्र में जहां आमजन को जाने की अनुमति नहीं होती वहां पर यह लोग दिनदहाड़े अपने ट्रैक्टरों के साथ अवैध खनन को अंजाम दे रहे हैं कल ही जब एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा इसकी वीडियो बनाने की कोशिश की गई ,तो उस पर खनन माफियाओं द्वारा जानलेवा हमला किया गया। माफियाओं के हौसले बुलंद हो रखे हैं इस नदी पर खनन की अनुमति पिछले कई वर्षों से नहीं है उसके बावजूद भी इस नदी में बड़े-बड़े गड्ढे अवैध खनन की गवाही दे रहे हैं, बरसात में वह गड्ढे भर जाते हैं उसके बाद फिर माफिया अवैध खनन को अंजाम देने लगते हैं। लेकिन जिम्मेदार खनन विभाग आंखें मूंदे बैठा है जिससे कि अवैध खनन करने वालों के हौसले बढ़ते ही जा रहे हैं और अब यह स्थानीय ग्रामीणों पर भी हमलावर हो रहे हैं। मनीष कुमार ने मांग करी कि अगर शीघ्र डोईवाला विधानसभा में खनन माफियाओं के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही नहीं की गई और अवैध खनन पर लगाम नहीं लगाई गई ,तो वह क्षेत्रीय जनता को साथ लेकर शासन प्रशासन के विरुद्ध आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी सरकार की होगी।