November 7, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

विकासनगर क्षेत्र के जाखन गांव में बादल फटने से एक व्यक्ति की मौत

देहरादून। देहरादून जिले में विकासनगर के पष्टा क्षेत्र के जाखन गांव में बादल फटा। इस दौरान एक मकान भरभरा कर गिर पड़ा, जिससे एक शख्स की मलबे में दबकर मौत हो गई। वहीं, दर्जनों किसानों के खेतों में मलबा आने से फसलों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, तीन पावर हाउसों में बिजली उत्पादन ठप हो गया, मात्र दो पावर हाउसों छिबरौ और खोदरी में जनरेशन चल रहा है। यमुना में डिस्चार्ज बढ़ने व भारी मात्रा में सिल्ट आने के कारण उत्पादन रोका गया।
बारिश से देहरादून के विकासनगर में शीतला नदी उफान पर है। खुशालपुर में एक मकान का कुछ हिस्सा नदी में बह गया। इससे पहले नदी ने जस्सोवाला गांव में भी तबाही मचाई और कई मकान ध्वस्त हो गए। प्रदेशभर में बारिश आफत बनकर बरस रही है। कहीं, सड़कें क्षतिग्रस्त तो कहीं पुल टूट रहे हैं। मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। विकासनगर में बादल फटने से एक की मौत हो गई है। साथ ही सभी बरसाती नदियां उफान पर आ गईं हैं। नदी किनारे के मकानों और खेतों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। हथियारी में निर्माणाधीन व्यासी जल विद्युत परियोजना स्थल पर भरा मलबा भरा व मशीनें दब गई। रुद्रपुर में मलबा आने से लांघा रोड पर यातायात बाधित हो गई। गौना नदी के उफान पर आने से नारंग फार्म हाउस की दीवारें ध्वस्त हो गई और मलबा भर गया।